हिंदी डिजिटल न्यूज़रूम • आवाज़ आपकी, मंच हमारा
रविवार, 22 नवंबर 2026
INDEPENDENT HINDI NEWSROOM

तेज़ अपडेट • गहरी समझ • आपकी भाषा

KHABERHINDINEWS
खबर हिंदी.comआवाज़ आपकी, मंच हमारा
खबर हिंदी.comआवाज़ आपकी, मंच हमारा ⌕
LIVE
14:5222 नव॰

धूपगुड़ी विधानसभा सीट के उपचुनाव का परिणाम लोगों की जीत : ममता बनर्जी

nagar-nigam-sixteen_nine
WhatsApp ↗
कोलकाता, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की प्रमुख ममता बनर्जी ने धूपगुड़ी विधानसभा सीट के उपचुनाव में अपनी पार्टी की जीत को शुक्रवार को ‘‘जनता की जीत’’ बताया। बनर्जी ने विभिन्न राज्यों में सात में से चार सीट पर उपचुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हराने के लिए उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कहा कि यह विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के लिए एक बड़ी जीत है। निर्वाचन आयोग के मुताबिक डुमरी (झारखंड), पुतुप्पली (केरल), घोसी (उत्तर प्रदेश) और धूपगुड़ी (पश्चिम बंगाल) में भाजपा हार गई है। ममता बनर्जी ने नयी दिल्ली के लिए रवाना होने से पहले संवाददाताओं से कहा, ‘‘धूपगुड़ी सीट पर एक बड़ी जीत मिली है। यह सीट भाजपा के पास थी। यह एक ऐतिहासिक जीत है और मैं धूपगुड़ी के सभी लोगों को बधाई देती हूं। यह जनता की जीत है।’’ राष्ट्रीय राजधानी में बनर्जी शनिवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा आयोजित जी20 रात्रिभोज में शामिल होंगी। ममता बनर्जी ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘मैं उन सभी को बधाई देना चाहती हूं, जिन्होंने उपचुनाव में भाजपा को हराकर जीत हासिल की। पांच सितंबर को सात सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा चार सीट पर हार गई है। यह ‘इंडिया’ के लिए एक बड़ी जीत है। मैं धूपगुड़ी के लोगों को हम पर विश्वास जताने और विधानसभा क्षेत्र के महत्वपूर्ण उपचुनाव में हमारे पक्ष में निर्णायक मतदान करने के लिए धन्यवाद देती हूं। उत्तरी बंगाल के लोग हमारे साथ हैं और विकास, समावेशिता और सशक्तीकरण की हमारी रणनीति पर भरोसा करते हैं। बंगाल ने अपना जनादेश दिखाया है, और जल्द ही ‘इंडिया’ भी अपनी प्राथमिकता दिखाएगा। जय बांग्ला!’’ अधिकारियों ने बताया कि पेशे से प्रोफेसर तृणमूल कांग्रेस के निर्मल चंद्र रॉय ने 4,313 से अधिक मतों के अंतर से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा की तापसी रॉय को हराया। उन्हें 96,961 वोट मिले जबकि प्रतिद्वंद्वी तापसी रॉय को 92,648 वोट मिले। तापसी रॉय जम्मू-कश्मीर में 2021 में आतंकवादी हमले में शहीद हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान की पत्नी हैं। उन्होंने बताया कि तीसरे स्थान पर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के उम्मीदवार ईश्वर चंद्र रॉय रहे। उन्हें 13,666 वोट मिले। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने कहा कि धूपगुड़ी के लोगों ने नफरत और कट्टरता से ऊपर विकास की राजनीति को अपनाया। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘लोगों से जुड़ने के अथक प्रयासों के लिए तृणमूल कांग्रेस के प्रत्येक कार्यकर्ता को सलाम। हम धूपगुड़ी के संपूर्ण विकास को सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’ भाजपा के बिष्णु पद रे ने 2021 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर जीत दर्ज की थी और 25 जुलाई को उनके निधन के कारण उपचुनाव कराया जाना आवश्यक हो गया था।
← पिछली खबर55 नए जिलों में सोने के आभूषणों की हॉलमार्किंग अनिवार्य हुईअगली खबर →प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने जनसुनवाई की
KhaberHindi App

तेज़ खबरें और ऐप जैसा मोबाइल अनुभव।