पंजाब में जीत के बाद आम आदमी पार्टी हरियाणा की ओर देख रही थी। इसी के चलते कहा जा रहा था कि पार्टी के लिए आदमपुर उपचुनाव अहम साबित हो सकता है। लेकिन मौजूदा आंकड़े पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री Arvind Kejriwal को चिंता में डाल सकते हैं। इस पूरे सियासी घटनाक्रम में एक टाइमिंग का भी एंगल नजर आ रहा है, जिसमें केजरीवाल का व्यस्त रूप दिखता है। अब सवाल है कि कहीं आदमपुर उपचुनाव के आंकड़े MCD चुनाव के संकेत तो नहीं हैं।
खबर है कि सीट पर भारतीय जनता पार्टी के भव्य बिश्नोई ने जीत हासिल कर ली है। दूसरे स्थान पर कांग्रेस उम्मीदवार जय प्रकाश हैं। जबकि, आप तीसरे स्थान पर है। चौथे नंबर पर इंडियन नेशनल लोक दल के नेता कुर्दा राम नंबरदार हैं।
आप के लिए क्यों जरूरी था आदमपुर उपचुनाव
हरियाणा केजरीवाल का गृहराज्य है। साथ ही वह पंजाब में कांग्रेस को विधानसभा चुनाव में धूल चटाने के बाद आप पड़ोसी राज्य हरियाणा में एंट्री की कोशिश कर रही थी। ऐसे में आदमपुर उपचुनाव पार्टी के लिए गेटपास बन सकता है।
टाइमिंग कैसे बन रही है चुनौती
6 राज्यों की 7 सीटों पर उपचुनाव के बीच गुजरात और हिमाचल प्रदेश में भी विधानसभा चुनाव की तैयारियां जारी हैं। ऐसे में पार्टी आदमपुर के बजाए इन दोनों राज्यों में ज्यादा सक्रिय नजर आ रही है। हालांकि, केजरीवाल पहाड़ी राज्य से ज्यादा गुजरात प्रचार में लगे हुए हैं। कहा जा रहा है कि जुलाई के बाद आप प्रमुख या कोई बड़ा नेता पहाड़ी राज्य में सक्रिय नहीं दिखा।